बरेली, 07 फ़रवरी 2026: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव में अवैध रूप से निर्मित मस्जिद पर शनिवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाया है। सदर तहसील की टीम ने राजस्व अभिलेखों में सरकारी बंजर भूमि पर बने इस ढांचे को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के बाद जमीन को कब्जामुक्त करा लिया गया है।
एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने बताया कि यह मस्जिद गाटा नंबर 1474 पर श्रेणी-5 की सरकारी बंजर भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई थी। इस जमीन पर कब्जा कर ढांचा खड़ा किया गया था। हाईकोर्ट के आदेशानुसार प्रशासन ने यह कार्रवाई की। एसडीएम ने कहा कि भूमि को लेकर कानूनी विवाद साल 2008 से चल रहा था। तहसीलदार कोर्ट ने निर्माण को अवैध मानते हुए बेदखली के आदेश दिए थे। दूसरा पक्ष सिविल कोर्ट गया लेकिन वहां भी मुकदमा खारिज हो गया। अदालत की बाधाएं दूर होने के बाद ही प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की।
एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि बेदखली प्रक्रिया के तहत कब्जा करने वाले पक्ष पर जुर्माना भी लगाया गया था जिसे उन्होंने पहले ही जमा करा लिया था। कार्रवाई के दौरान करीब 300 वर्ग गज में बनी मस्जिद को पूरी तरह गिरा दिया गया। गांव में सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। कई थानों की फोर्स और पीएसी के जवानों ने पूरे इलाके को घेर रखा था। किसी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
ये भी देखे: UP NEWS: संभल में अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, रायाबुजुर्ग गांव में मस्जिद और मकान ध्वस्त