लक्की ओबेरॉय हत्याकांड: जालंधर पहुंचे डीजीपी गौरव यादव, पाकिस्तान का किया जिक्र

by Manu
डीजीपी गौरव यादव

जालंधर, 06 फ़रवरी 2026: जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में गुरुद्वारा साहिब के बाहर शुक्रवार सुबह आम आदमी पार्टी से जुड़े नेता और थार फाइनेंस से संबंधित लक्की ओबेरॉय की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे पंजाब में सनसनी फैला दी है। हत्या के बाद पंजाब पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव खुद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

डीजीपी गौरव यादव ने मीडिया से बातचीत में बेहद गंभीर खुलासा किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई पंजाब में सक्रिय गैंगस्टरों के साथ मिलकर राज्य के युवाओं को गुमराह करने और अस्थिरता फैलाने की साजिश रच रही है। डीजीपी ने दावा किया कि सीमापार से पंजाब में अवैध हथियारों की तस्करी तेज हो गई है।

उन्होंने चौंकाने वाला तथ्य सामने रखा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद जमीन के रास्ते की तुलना में अब करीब 400 गुना ज्यादा हथियार ड्रोन के जरिए पंजाब में भेजे जा रहे हैं। डीजीपी ने कहा कि ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल कर हथियारों के साथ नशीले पदार्थ भी भेजे जा रहे हैं। इसका मुख्य मकसद पंजाब के युवाओं को अपराध और गैंगवार की ओर धकेलना है।

डीजीपी ने स्पष्ट किया कि पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। लक्की ओबेरॉय की हत्या को लेकर डीजीपी ने कहा कि मामला बेहद गंभीर है। गैंगवार पुरानी रंजिश और साजिश सभी एंगल से जांच चल रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

ये भी देखे: जालंधर में आप नेता लक्की ओबेरॉय की हत्या, हत्यारों की सीसीटीवी फुटेज आई सामने

You may also like