यमुनानगर, 28 जनवरी 2026: हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस और उसके शीर्ष नेतृत्व पर बुधवार को निशाना साधा। यमुनानगर में गणतंत्र दिवस समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस को टूटी-फूटी पार्टी करार दिया और कहा कि देशभर में उसका लगातार सफाया हो रहा है।
अनिल विज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा दिल्ली और बिहार के बाद अब महाराष्ट्र में भी बीएमसी चुनाव जीतकर अपनी ताकत दिखाई है। उन्होंने भविष्यवाणी की कि आने वाले समय में पश्चिम बंगाल में भी भाजपा बड़ी जीत दर्ज करेगी।
राहुल गांधी के प्रशिक्षण कार्यक्रम पर कटाक्ष करते हुए अनिल विज ने कहा कि राहुल गांधी यहां कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने आए हैं लेकिन उन्हें तो केवल चुनाव हरवाने का ही ज्ञान है। वे वही प्रशिक्षण सबको देंगे।
विज ने राहुल गांधी के उस बयान की भी कड़ी आलोचना की जिसमें उन्होंने कहा था कि मुगल चले गए अंग्रेज चले गए वैसे ही भाजपा भी चली जाएगी। अनिल विज ने पलटवार करते हुए कहा कि मुगल और अंग्रेज विदेशी थे जबकि भाजपा पूरी तरह देसी पार्टी है। हमारा जन्म इसी देश में हुआ है और भाजपा का भी जन्म इसी देश में हुआ है। हम देश की संस्कृति और राष्ट्रीय भावना को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने व्यंग्य भरे लहजे में कहा कि अगर राहुल गांधी कहते हैं कि वे बाहर चले गए तो कांग्रेस भी बाहर चली जाएगी। तब देश में केवल भाजपा का ही राज रहेगा।
ये भी देखे: हरियाणा के कोसली में नए सब-डिपो और 92 पदों को मंजूरी – परिवहन मंत्री अनिल विज