महेंद्रगढ़, 06 जनवरी 2026: हरियाणा सरकार ने महेंद्रगढ़ जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत और सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि महेंद्रगढ़ के गांव खातोदडा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री घोषणा में संशोधन को सरकार द्वारा मंजूरी प्रदान कर दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि यह परियोजना मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जन-कल्याणकारी नीतियों का परिणाम है, जिनके नेतृत्व में हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार और आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
आरती सिंह राव ने आगे कहा कि सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि हर नागरिक को समय पर, सुरक्षित और उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों। खातोदडा में प्रस्तावित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से न केवल स्थानीय ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार, जांच और आपातकालीन सेवाएं मिलेंगी, बल्कि आसपास के गांवों के लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
ये भी देखे: हरियाणा: स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने यमुनानगर के नागरिक अस्पताल का किया औचक निरीक्षण