वाशिंगटन, 28 दिसंबर 2025: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर लंबी बातचीत की है। यह बातचीत ऐसे समय में हुई है, जब ट्रंप कुछ ही घंटों बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात करने वाले हैं।
ट्रंप ने अपनी बातचीत की जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर साझा की। उन्होंने लिखा, “मैंने आज दोपहर एक बजे यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ अपनी बैठक से पहले रूस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ फोन पर एक बहुत ही अच्छी और बेहद अच्छे नतीजे देने वाली बातचीत की।”
ट्रंप ने आगे बताया कि यह बैठक उनके फ्लोरिडा स्थित आवास मार-ए-लागो के मुख्य डाइनिंग रूम में होगी। उन्होंने पत्रकारों को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया है।
यह मुलाकात रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए अमेरिकी मध्यस्थता के प्रयासों का हिस्सा मानी जा रही है। एक ओर शांति वार्ता की कोशिशें जारी हैं, वहीं दूसरी ओर जमीन पर युद्ध भी तेज है। रूस ने हाल के दिनों में यूक्रेन के प्रमुख शहरों और सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए हैं।
ये भी देखे: रूस-यूक्रेन वॉर को लेकर ट्रंप का बड़ा बयान, बोले- ‘मैं पुतिन से निराश हूं…’