चंडीगढ़, 28 नवंबर 2025: मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित रेस्टोरेंट ‘कैप्स कैफे’ पर हुई फायरिंग की साजिश में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने गोल्डी ढिल्लों गैंग के मुख्य हैंडलर बंधु मान सिंह शेखों को गिरफ्तार किया है। शेखों को 25 नवंबर को पंजाब के लुधियाना से पकड़ा गया है।
क्राइम ब्रांच के जॉइंट कमिश्नर सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शेखों ने कैफे पर हमले के लिए लॉजिस्टिक सपोर्ट दिया था। हमलावरों ने जिस गाड़ी का इस्तेमाल किया वह कथित रूप से शेखों की ही थी। पूछताछ में शेखों ने कबूल किया कि वह फायरिंग में शामिल था।
डीसीपी क्राइम ब्रांच संजीव कुमार यादव ने कहा कि शेखों का नाम पहले एक हथियार सप्लाई के पुराने केस में आया था। गिरफ्तारी के बाद पता चला कि वह कनाडा का गैंगस्टर है। अगस्त 2025 में कनाडा पुलिस की तलाश से बचने के लिए वह भारत लौटा। वहां कई फायरिंग और जबरन वसूली के मामलों में फंसा था।
शेखों ने 2019 में एम्प्लॉयमेंट वीजा पर कनाडा प्रवेश किया। वहां कई नौकरियां कीं। लेकिन एक क्राइम केस में जेल जाने के बाद चरमपंथियों के संपर्क में आया। फिर गैंग के साथ जुड़ गया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक वह कई फायरिंग और वसूली की घटनाओं का मास्टरमाइंड रहा।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को उसके पास चीनी PX-3 हाई-एंड पिस्टल और आठ जिंदा कारतूस मिले।
ये भी देखें: कपिल शर्मा के कनाडा कैफे पर फिर हमला, इस गैंग ने ली जिम्मेदारी