चम्बा, 19 नवंबर 2025: चुराह विधायक हंसराज बुधवार को तीसरी बार चम्बा के महिला पुलिस थाने पहुंचे। युवती के यौन शोषण के आरोपों की जांच के सिलसिले में पुलिस ने उनसे करीब दो घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान विधायक की पत्नी भी थाने में मौजूद रहीं और पुलिस ने उनसे भी कई सवाल किए।
लगभग एक साल पहले युवती ने विधायक पर अश्लील चैट करने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। उसने विधायक की पत्नी पर भी धमकाने का इल्जाम लगाया था, लेकिन बाद में आरोप वापस ले लिए थे। हाल ही में युवती ने फिर सोशल मीडिया पर आकर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए। इसके बाद मामला दोबारा गरमा गया।
राष्ट्रीय महिला आयोग के निर्देश पर पुलिस ने नए सिरे से जांच शुरू की। चंडीगढ़ के एक होटल सहित कई जगहों से साक्ष्य जुटाए गए। अब युवती ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। इसके आधार पर पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विधायक हंसराज ने कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दी थी। कोर्ट ने उन्हें जमानत तो दे दी, लेकिन पुलिस जांच में पूरा सहयोग करने का आदेश भी दिया। इसी आदेश के तहत वे 19 नवंबर को तीसरी बार थाने पहुंचे और पूछताछ में शामिल हुए।
एएसपी हितेश लखनपाल ने पुष्टि की कि जांच पूरी निष्पक्षता से चल रही है। सभी जरूरी साक्ष्य इकट्ठे किए जा रहे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई सबूतों के आधार पर होगी।
ये भी देखे: चुराह विधायक डॉ. हंसराज ने लगाई अग्रिम जमानत की गुहार, यौन शोषण के है आरोपी