श्रीकाकुलम, 01 नवंबर 2025: कार्तिक एकादशी के पावन अवसर पर आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ मच गई है। इस हृदयविदारक हादसे में नौ श्रद्धालुओं की जान चली गई। कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए है। मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़ बेकाबू हो गई जिससे धक्का-मुक्की के दौरान अफरातफरी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, कार्तिक मास की पवित्रता के चलते मंदिर में सैकड़ों भक्त दर्शन के लिए उमड़ पड़े थे। भीड़ इतनी घनी हो गई कि स्थानीय प्रशासन और मंदिर प्रबंधन स्थिति को संभाल ही नहीं पाया। अचानक शुरू हुई धक्कामुक्की ने विकराल रूप धारण कर लिया। लोग एक-दूसरे पर गिरते चले गए, जिससे कई लोग कुचले गए। राहत और बचाव कार्य अभी भी जोर-शोर से जारी है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं।
सीएम चंद्रबाबू नायडू ने जताया शोक
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “काशीबुग्गा के वेंकेश्वर मंदिर में भगदड़ बेहद दुखदायी है। श्रद्धालुओं की मौत से पूरा दिल टूट गया। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।”
नायडू ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि घायलों को तत्काल बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी करने को कहा है।
ये भी देखे: करूर भगदड़ पीड़ितों से विजय की मुलाकात, माफी मांगी, मदद का दिल खोलकर वादा किया