चंडीगढ़, 27 अक्टूबर 2025: हरियाणा राज्य सरकार नए जिलों के गठन की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, 1 नवंबर 2025 को हरियाणा दिवस के मौके पर सरकार अपने 23वें जिले की औपचारिक घोषणा कर सकती है।
बताया जा रहा है कि सरकार के पास कुल 10 नए जिलों के प्रस्ताव विचाराधीन हैं, जिनमें असंध, पटौदी, डबवाली, हांसी और गोहाना जैसे नाम प्रमुख हैं। इनमें से शुरुआती दौर में गोहाना, हांसी या डबवाली में से किसी एक को जिला बनाने का फैसला लिया जा सकता है। बाकी सुझावों पर अंतिम मुहर जनगणना के आंकड़ों के बाद लगेगी।
अब तक पुनर्गठन उप-समिति को 73 सुझाव मिल चुके हैं, जिसमें 10 नए जिले, 14 उपमंडल, 4 तहसील और 27 उप-तहसील बनाने की मांगें शामिल हैं।
प्रस्तावों के तहत, किसी नए जिले के लिए कम से कम 125 से 200 गांव, 4 लाख से ज्यादा आबादी और 80 हजार हेक्टेयर से अधिक जमीन का होना जरूरी है। समिति ने इन सभी सुझावों की बारीकी से छानबीन की है और उपमंडल, तहसील व उप-तहसील के लिए अलग-अलग मानक भी तय किए हैं।
ये भी देखे: हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, सभी बिल और अनुमोदन अब केवल ऑनलाइन पोर्टल से होगा