फरीदाबाद में बाप ने 3 साल के मासूम की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंका

by Manu
नशा तस्कर

फरीदाबाद, 25 अक्टूबर 2025: हरियाणा के फरीदाबाद में सौतेले पिता द्वारा अपने 3 साल के सौतेले बेटे का अपहरण कर हत्या करने के मामले में पुलिस चौकी अग्रसेन चौक की टीम ने आरोपी को धर दबोचा है।

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, बल्लभगढ़ की रहने वाली एक महिला ने चौकी में शिकायत दर्ज कराई कि करीब एक साल पहले उसकी दूसरी शादी प्रशांत नाम के शख्स से हुई थी। पहली शादी से उसका एक 3 साल का बेटा है। 19 अक्टूबर को पति प्रशांत बच्चे को लेकर कहीं चला गया। इसकी शिकायत पर बल्लभगढ़ शहर थाने में अपहरण और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया।

जांच के दौरान पुलिस चौकी अग्रसेन चौक की टीम ने आरोपी प्रशांत को गिरफ्तार कर लिया। सख्ती से पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अपनी पत्नी पर बच्चे को नाना-नानी के पास भेजने का दबाव बना रहा था, लेकिन वह राजी नहीं हुई। 19 अक्टूबर को जब पत्नी घर पर नहीं थी, तो उसने बच्चे की जमकर पिटाई की और पेट में लात मार दी। इससे मासूम की हालत बिगड़ गई और वह उल्टी करने लगा।

आरोपी ने बच्चे को डॉक्टर के पास ले जाने के बहाने मोटरसाइकिल पर बैठाया और रास्ते में ही उसकी हत्या कर दी। फिर शव को सेक्टर-58 की झाड़ियों में फेंक दिया। मामले की गहराई से जांच के लिए आरोपी को एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

ये भी देखे: फरीदाबाद में निवेश के नाम पर 35 लाख के ठगी का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार

You may also like