ओडिशा के कंधमाल में स्कूल हॉस्टल में भयानक घटना, सहपाठियों ने 8 छात्रों की आंखों में डाला फेवीक्विक

by Manu
फेवीक्विक

चंडीगढ़, 13 सितंबर 2025: ओडिशा के कंधमाल जिले में एक ऐसी घटना सामने आई है जो किसी की कल्पना से भी परे है। फिरींगिया ब्लॉक के सलागुडा स्थित सेवाश्रम स्कूल के हॉस्टल में देर रात सो रहे आठ छात्रों की आंखों में उनके ही सहपाठियों ने कथित तौर पर फेवीक्विक (मजबूत चिपकने वाला एडहेसिव) डाल दिया। इससे छात्रों की आंखें चिपक गईं और उन्हें गंभीर चोटें आईं। यह घटना छात्रों की सुरक्षा और हॉस्टल में निगरानी की कमी को लेकर सवाल खड़े कर रही है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात को छात्र सो रहे थे तभी यह शरारतपूर्ण हरकत की गई। शुक्रवार सुबह जब बच्चे जागे तो आंखें खोल ही नहीं पाए। डर और दर्द से घिरे छात्रों को पहले गोछपाड़ा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर फुलबानी के जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने पुष्टि की कि चिपकने वाले पदार्थ से आंखों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन समय पर इलाज मिलने से स्थायी क्षति से बचाव हो गया। एक छात्र को छुट्टी मिल चुकी है, जबकि सात अन्य अभी भी डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। स्कूल के हेडमास्टर मनोरंजन साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, जांच शुरू हो गई है कि हॉस्टल में ऐसी घटना कैसे हो सकी? इसमें वार्डन, अधीक्षक और अन्य स्टाफ की क्या लापरवाही रही, इसकी गहन पड़ताल की जा रही है।

ये भी देखे: सोनीपत: गर्लफ्रेंड को सूटकेस में बंद कर बॉय्ज़ हॉस्टल ले जा रहा था शख्स, ऐसे हुआ खुलासा

You may also like