गया, 13 सितंबर 2025: बिहार के गया जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक दिल दहला देने वाली लूट की घटना को अंजाम दिया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रहे एक दंपति को निशाना बनाते हुए तीन बाइक सवार बदमाशों ने 4.50 लाख रुपये की नकदी छीन ली। इस दौरान पत्नी बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के मुताबिक, बुनियादगंज थाना क्षेत्र के भेड़िया खुर्द गांव के रहने वाले संतोष सिंह और उनकी पत्नी आरती देवी मानपुर बाजार स्थित इंडियन बैंक से रुपये निकालकर बुलेट बाइक पर सवार होकर घर की ओर जा रहे थे। मेहता पेट्रोल पंप के पास ओवरब्रिज की तरफ जाते समय तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और पैसों से भरे बैग को छीन लिया।
लूट की इस घटना में आरती देवी बाइक से गिर पड़ीं और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित दंपति ने पुलिस को सूचना दे दी है, और मुफस्सिल थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
ये भी देखे: बिहार STF और गया पुलिस ने नक्सलियों के ठिकाने से AK-47 के 175 कारतूस किए बरामद