बिहार सरकार का बड़ा फैसला, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका के मानदेय में वृद्धि

by Manu
नीतीश कुमार

पटना, 09 सितंबर 2025: बिहार सरकार ने आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका के मासिक मानदेय में बढ़ोतरी का महत्वपूर्ण फैसला लिया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में 25 एजेंडों को मंजूरी दी गई, जिसमें यह निर्णय भी शामिल है।

मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि अब आंगनबाड़ी सेविकाओं को 7,000 रुपये के बजाय 9,000 रुपये और सहायिकाओं को 4,000 रुपये के बजाय 4,500 रुपये प्रति माह मानदेय दिया जाएगा। इस वृद्धि के लिए राज्य योजना मद से प्रतिवर्ष 345 करोड़ 19 लाख 20 हजार रुपये के अतिरिक्त व्यय को कैबिनेट ने मंजूरी दी है।

चौधरी ने स्पष्ट किया कि मानदेय में यह वृद्धि 1 सितंबर 2025 से लागू होगी। उन्होंने कहा कि समेकित बाल विकास योजना (ICDS) के तहत आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। बढ़ती महंगाई और मुद्रास्फीति को ध्यान में रखते हुए यह वृद्धि की गई है, ताकि उनके जीवन स्तर में सुधार हो और कार्य की गुणवत्ता में भी वृद्धि हो सके।

ये भी देखे: बिहार सरकार ने दिव्यांग बच्चों को दिया बड़ा तोहफा, मानसिक विकास में मिलेगी मदद

You may also like