नेपाल, 08 सितंबर 2025: नेपाल में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सरकार द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के विरोध में 8 सितंबर 2025 को देशभर में हिंसक प्रदर्शन भड़क उठे। काठमांडू में ‘Gen-Z’ बैनर के तहत स्कूली छात्रों सहित हजारों युवाओं ने संसद भवन के सामने जोरदार प्रदर्शन किया, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों ने संसद परिसर में घुसने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को लाठियां, आंसू गैस और रबर की गोलियां चलानी पड़ीं। कुछ जगहों पर पुलिस ने हवाई फायरिंग भी की।
हंगामा यहीं नहीं थमा। काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शन की आंच प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के पैतृक आवास तक पहुंच गई। पूर्वी नेपाल के दमक में उनके घर पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को चेतावनी के तौर पर गोलियां चलानी पड़ीं। इसके अलावा, प्रदर्शनकारियों ने कैंपस गेट और चिया डोकन के बीच तीन स्थानों पर टायर जलाकर ईस्ट-वेस्ट हाईवे को जाम कर दिया, जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात ठप रहा।
ये भी देखे: हसीना विरोधी प्रदर्शनों का नेतृत्व करने वाले बांग्लादेशी छात्र शुरू करेंगे नई राजनीतिक पार्टी