डोडा, 08 सितंबर 2025: जम्मू-कश्मीर के डोडा से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक मेहराज मलिक को जन सुरक्षा अधिनियम (PSA) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें भद्रवाह जिला जेल में स्थानांतरित कर दिया गया है। मलिक पर अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार, युवाओं को भड़काने और बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों में बाधा डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस ने मलिक के खिलाफ 18 एफआईआर और कई जन शिकायतों का हवाला देते हुए कहा है कि उनकी गतिविधियों से सार्वजनिक व्यवस्था को खतरा था, जिसके चलते यह कार्रवाई जरूरी थी। अधिकारियों का दावा है कि मलिक ने बार-बार प्रशासनिक कार्यों में रुकावट डाली और विवादास्पद व्यवहार किया।
मलिक जम्मू-कश्मीर में PSA के तहत हिरासत में लिए जाने वाले पहले मौजूदा विधायक बन गए हैं। PSA एक सख्त प्रशासनिक कानून है, जो कुछ मामलों में बिना किसी औपचारिक आरोप या सुनवाई के दो साल तक हिरासत की अनुमति देता है।
ये भी देखे: गुरदासपुर के जिंदड़ गांव के युवक की राहत सामग्री बांटते समय मौत, बेट इलाके में शोक की लहर