ENG vs SA: साउथैम्प्टन में दक्षिण अफ्रीका की करारी हार, इंग्लैंड ने 342 रनों से रौंदा

by Manu
ENG vs SA

ENG vs SA ODI Result: साउथैम्प्टन में रविवार का दिन दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम के लिए किसी काले दिन जैसा रहा। इंग्लैंड ने उन्हें वनडे क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी हार (ENG vs SA) थमा दी। 342 रनों के विशाल अंतर से जीत हासिल कर इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को मात्र 72 रनों पर ढेर कर दिया। हालांकि, इस हार के बावजूद दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की।

इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 414 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया, जो वनडे क्रिकेट में उनका पांचवां सबसे बड़ा स्कोर है। युवा बल्लेबाज जैकब बैथल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने करियर का पहला शतक ठोका। उन्होंने 82 गेंदों में 110 रन बनाए, जिसमें 13 चौके और तीन छक्के शामिल थे। जो रूट ने भी 100 रनों की धमाकेदार पारी खेली। कप्तान जोस बटलर (नाबाद 62) और ओपनर जेमी स्मिथ (62) ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों को हक्का-बक्का कर दिया।

दक्षिण अफ्रीका ने दर्ज की वनडे क्रिकेट की सबसे बड़ी हार

जवाब में दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। जोफ्रा आर्चर ने नई गेंद से कहर बरपाया और सिर्फ 18 रन देकर चार बड़े विकेट झटके। उन्होंने पहले ही ओवर में कप्तान एडन मार्करम को चलता किया और फॉर्म में चल रहे मैथ्यू ब्रीत्जके को भी सस्ते में पवेलियन भेजा। इसके बाद ब्रायडन कार्स और आदिल रशीद ने बाकी काम पूरा किया। रशीद ने तीन विकेट लिए और दक्षिण अफ्रीका की पारी को 72 रनों पर समेट दिया।

ये भी देखे: AFG vs UAE: अफगानिस्तान ने यूएई को टी20 ट्राई-सीरीज के छठे मैच में 4 रनों से हराया

You may also like