शिमला, 06 सितंबर 2025: शिमला जिले के रामपुर उपमंडल की सिंगला पंचायत में हेलीपैड के पास एक इंसानी खोपड़ी बरामद हुई है। ग्राम पंचायत प्रधान राजकुमार गौतम ने इसकी सूचना रामपुर पुलिस थाने को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
शिमला पुलिस ने खोपड़ी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए खनेरी अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच में पुष्टि की कि यह खोपड़ी मानव की है। इसके बाद इसे विस्तृत जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिया गया है।
डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि खोपड़ी किसकी है और यह हेलीपैड के पास कैसे पहुंची, इसकी जांच की जा रही है। ग्राम पंचायत प्रधान के अनुसार, रामपुर हेलीपैड के पास उमरी में भूस्खलन के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया था। मार्ग को बहाल करने के दौरान खोपड़ी दिखाई दी। मौके पर वैटर्नरी फार्मासिस्ट डॉ. अनिल शर्मा को भी बुलाया गया, जिन्होंने प्रारंभिक जांच में सहायता की। पुलिस ने खोपड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
ये भी देखे: Kullu landslide: इनर अखाड़ा बाजार में बचाव अभियान में तीन और शव बरामद