चंडीगढ़, 05 सितंबर 2025: हरियाणा उच्चतर शिक्षा विभाग ने राज्य के 9 सरकारी कॉलेजों को कड़ा नोटिस जारी किया है, जो अपनी वेबसाइट का डोमेन तक नहीं खरीद पाए हैं। विभाग ने साफ निर्देश दिए हैं कि सभी कॉलेज अपनी वेबसाइट को अपडेट रखें ताकि छात्रों को पढ़ाई से जुड़ी जानकारी आसानी से मिल सके।
विभाग पहले ही सभी कॉलेजों के लिए वेबसाइट बनवा चुका है और 8 सितंबर तक इन्हें पूरी तरह अपडेट करने का आदेश दिया था। लेकिन भिवानी के ईश्वरवाल, कुड़ल, खरक, सोनीपत के जाखौली, गन्नौर, पलवल के मैंडोली, कैथल के सेरधा, चरखी दादरी के कादमा और यमुनानगर के प्रतापनगर राजकीय कॉलेज ने अभी तक डोमेन खरीदने का बुनियादी काम भी पूरा नहीं किया।
इन कॉलेजों को अब 7 दिन का समय दिया गया है, जिसमें उन्हें ERNET से डोमेन खरीदकर विभाग को सूचित करना होगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर समय सीमा में काम पूरा नहीं हुआ तो संबंधित कॉलेज जिम्मेदार होंगे और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ये भी देखे: हरियाणा सरकार का शिक्षकों को लेकर बड़ा फैसला, पोस्टिंग की समय सीमा बढ़ाई गई