हिमाचल में भारी बारिश से HRTC बस सेवाएं ठप, 830 रूट प्रभावित, 207 बसें फंसीं

by Manu
HRTC वेतन

शिमला, 03 सितंबर 2025: हिमाचल प्रदेश में मूसलधार बारिश के कारण हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HRTC) की बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। भारी बारिश और सड़क मार्गों के बंद होने से 830 रूटों पर बस सेवाएं पूरी तरह ठप रहीं, जबकि 207 बसें विभिन्न रूटों पर फंसी रहीं। कुल्लू और चंबा जिले सबसे अधिक प्रभावित रहे, जहां क्रमशः 119 और 109 रूटों पर बस सेवाएं बंद रहीं। इससे लोगों की आवाजाही रुक गई और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

HRTC अधिकारियों के अनुसार, बारिश के कारण लोगों ने यात्रा करना कम कर दिया है, जिससे बस अड्डों पर न तो एडवांस बुकिंग हो रही है और न ही ऑनलाइन टिकट बुक किए जा रहे हैं। कुल 1256 रूट प्रभावित हुए, जिनमें रोहड़ू में 26, रामपुर में 61, करसोग में 38, तारादेवी में 46, बिलासपुर में 27, केलांग में 52, धर्मशाला में 20 और शिमला लोकल में 12 रूट शामिल हैं।

निगम ने बताया कि जहां-जहां सड़क मार्ग बहाल हो रहे हैं, वहां बस सेवाएं फिर से शुरू की जा रही हैं। HRTC प्रबंधन ने दावा किया कि जैसे ही अन्य मार्ग खुलेंगे, बस सेवाएं तुरंत बहाल की जाएंगी ताकि यात्रियों को अधिक समय तक असुविधा न हो। कई जिलों में HRTC बसें ही यातायात का एकमात्र साधन हैं, जिसके कारण सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने पर जोर दिया जा रहा है।

ये भी देखे: हिमाचल प्रदेश में बारिश ने तोड़े 75 साल का रिकॉर्ड, 320 की मौत, करोड़ों का नुकसान

You may also like