लखनऊ, 29 अगस्त 2025: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया है। इस फैसले के बाद सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर अब आकाश को सीधे रिपोर्ट करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस नियुक्ति से आकाश का उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की राजनीति में दखल बढ़ेगा, जिसकी कमान अब तक मायावती के पास थी।
आकाश आनंद ने राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने पर मायावती के प्रति आभार जताया है। मायावती ने यह महत्वपूर्ण निर्णय आकाश की बिहार यात्रा से पहले लिया है, जहां उन्हें पार्टी का खाता खोलने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आकाश 10 सितंबर से कैमूर जिले में दस दिवसीय चुनावी यात्रा शुरू करेंगे, जिसके दौरान वे बिहार में राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।
इससे पहले, 31 अगस्त को मुंबई में आकाश पार्टी की संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें बसपा का जनाधार बढ़ाने के लिए रणनीति और दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे।
ये भी देखे: मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को बीएसपी से निष्कासित किया