वैशाली, 28 अगस्त 2025: वैशाली जिले के महनार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी ने लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने ‘बाहुबली’ की परिभाषा को अपने अंदाज में पेश करते हुए कहा, “जिससे पूरा बिहार डरता है, उससे मैं पिछले 40 साल से लड़ रहा हूं। मैंने लालू प्रसाद यादव के खिलाफ चुनाव लड़ा और जीता। उनके समधी के खिलाफ लड़ा, जीता। उनकी पत्नी राबड़ी देवी के खिलाफ लड़ा, जीता। उनकी बेटी के खिलाफ भी लड़ा और जीता। अब पता नहीं उनके परिवार में कौन बचा है, जिसके खिलाफ मुझे चुनाव लड़ना है। दुनिया में शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति हो जो अकेले पूरे परिवार से लड़े और हर बार जीते।”
राजीव प्रताप रूडी ने खुद को बताया बाहुबली
रूडी ने जनता से सवाल किया, “आपके लिए बाहुबली की परिभाषा क्या है, ये तो आप जानते हैं, लेकिन हमसे बड़ा बाहुबली कौन है?” उन्होंने जोर देकर कहा कि असली बाहुबली वही है जो समाज के लिए काम करता है, न कि तलवार लेकर घूमने वाला। रूडी ने अपने अभियान का जिक्र करते हुए कहा, “हम पूरे बिहार में गांव-गांव गए हैं, हर समाज को साथ लेकर चले हैं। मैं सारण से सात बार सांसद चुना गया हूं। मेरे क्षेत्र में किसी से पूछिए, वे कहेंगे कि हमारा नेता राजीव प्रताप रूडी है।”
ये भी देखे: Bihar Politics: गिरिराज सिंह ने लालू यादव को ठहराया ‘धृतराष्ट्र’, कहा- बेटे को गद्दी दिलाने की बेचैनी