बिलासपुर, 28 अगस्त 2025: बिलासपुर के सदर थाना क्षेत्र के गंभर खड्ड में एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शव सड़ी-गली हालत में था, जिससे अनुमान है कि यह कई दिनों से पानी में था।
घटना उस समय सामने आई, जब गुरुवार सुबह कुछ स्थानीय लोगों ने खड्ड में शव को तैरते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पानी से निकाला। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और शिनाख्त के लिए क्षेत्रीय अस्पताल के शवगृह में भेज दिया है।
पुलिस अब आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट्स की जांच कर रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके। साथ ही, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शव खड्ड में कैसे पहुंचा और मौत का कारण क्या था।
ये भी देखे: बिलासपुर के ढडोग गांव में करंट लगने से बुजुर्ग महिला की मौत, बहू घायल