चंडीगढ़, 28 अगस्त 2025: हरियाणा में मानसून सत्र बुधवार को समाप्त हो गया। सत्र के आखिरी दिन विधानसभा ने एक अहम प्रस्ताव पारित कर सभी मीडिया मंचों से अपील की कि वे अपने न्यूज प्लेटफॉर्म्स पर अपराधियों का महिमामंडन न करें। प्रस्ताव में कहा गया कि खबरों में न तो बड़े गैंगस्टरों के नाम उजागर किए जाएं और न ही उन्हें किसी गिरोह से जोड़कर पेश किया जाए।
इसके पीछे तर्क दिया गया कि कई खबरों में अपराधियों की विस्तृत जानकारी दी जाती है, जिसका युवा पीढ़ी पर बुरा असर पड़ रहा है। इससे युवा अपराधियों को रोल मॉडल मानने लगते हैं और उनके रास्ते पर चलने की कोशिश करते हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर इस बात का जिक्र किया था कि अपराधियों के महिमामंडन को रोकने के लिए प्रस्ताव लाया जा सकता है। इसके बाद बुधवार को राज्य के पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण पंवार ने यह प्रस्ताव सदन में पेश किया, जिसे हरियाणा विधानसभा ने सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया।
ये भी देखे: हरियाणा विधानसभा सत्र: पूर्व विधायकों को ₹10,000 मेडिकल अलाउंस, 1984 दंगा पीड़ित परिवारों को नौकरी