मंडी, 26 अगस्त 2025: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के बालीचौकी उपमंडल में बारिश और भूस्खलन के बीच हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। मंगलवार को बालीचौकी-सुधराणी मार्ग पर धवेहड़ के डीबर नाला के पास एक ऑल्टो कार भूस्खलन की चपेट में आकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। गनीमत रही कि कार में सवार चालक चमन लाल और यात्री तिलक ने सही समय पर छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शी और समाजसेवी देव राज ने बताया कि डीबर नाला के पास अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा खिसक गया, जिसके मलबे में कार फंसकर खाई में गिर गई। भूस्खलन की आहट सुनते ही दोनों ने फुर्ती दिखाई और कार से कूद गए, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बालीचौकी ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई।
लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण क्षेत्र में खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
ये भी देखे: चंबा में चट्टान गिरने से स्विफ्ट कार 500 मीटर खाई में गिरी, एक ही परिवार के 4 सहित 6 की मौत