पटना, 11 अगस्त 2025: बिहार की राजधानी पटना की तर्ज पर अब राज्य के बाकी 18 नगर निगमों को भी अंचलों में बांटा जाएगा। नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने इस संबंध में नालंदा, भोजपुर, रोहतास, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, मुंगेर, गयाजी, पूर्णिया, कटिहार, सारण, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, बेगूसराय, भागलपुर और सहरसा के जिलाधिकारियों (डीएम) को पत्र लिखकर अंचल गठन का प्रस्ताव तैयार करने और रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
विभाग का कहना है कि नगर निगमों में बढ़ती आबादी और बड़े क्षेत्रफल के कारण प्रशासनिक और प्रबंधन संबंधी समस्याएं सामने आ रही हैं। नगर आयुक्तों के लिए विभिन्न वार्डों में चल रही योजनाओं का निरीक्षण और कार्यान्वयन सुनिश्चित करना मुश्किल हो रहा है, जिससे योजनाओं की गुणवत्ता और अन्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसे देखते हुए नगर निगमों में प्रशासन को विकेंद्रित करने के लिए अंचल व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया गया है।
इस व्यवस्था के तहत प्रत्येक नगर निगम को उसकी आबादी और क्षेत्रफल के आधार पर कई अंचलों में बांटा जाएगा। प्रत्येक अंचल में कार्यपालक अभियंता, अभियंता और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी, जो अंचल स्तर पर योजनाओं की निगरानी करेंगे। इससे नगर आयुक्तों को सभी अंचलों के कामकाज की मॉनिटरिंग करने में आसानी होगी।
विभाग ने उम्मीद जताई है कि यह कदम नगर निगमों में प्रशासनिक दक्षता बढ़ाएगा और योजनाओं के कार्यान्वयन में सुधार लाएगा। डीएम से जल्द ही प्रस्ताव मांगे गए हैं, ताकि अंचल गठन की प्रक्रिया को शीघ्र शुरू किया जा सके।
ये भी देखे: बिहार में युवाओं के लिए डोमिसाइल नीति को मंजूरी, मंत्री विजय चौधरी ने बताया क्या लाभ मिलेगा?