शिमला, 11 अगस्त 2025: शिमला के प्रतिष्ठित बिशप कॉटन स्कूल से लापता हुए तीन कक्षा 6 के छात्रों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। शिमला पुलिस ने अपनी त्वरित कार्रवाई से इन छात्रों को कोटखाई के चैथला गांव से सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक 45 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. जो कोटखाई के कोकुनाला गांव का रहने वाला है और एक बेकरी चलाता है।
जानकारी के मुताबिक, ये तीनों छात्र शनिवार को स्कूल के ‘आउटिंग डे’ के दौरान मॉल रोड पर खरीदारी के लिए गए थे। दोपहर 12:09 बजे स्कूल से निकलने के बाद वे निर्धारित समय 5 बजे तक वापस नहीं लौटे, जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने न्यू शिमला पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और सीसीटीवी फुटेज, फोन रिकॉर्ड, और एक संदिग्ध वाहन की जानकारी के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
पुलिस ने बताया कि बच्चों ने मॉल रोड से स्कूल वापस जाने के लिए एक गाड़ी से लिफ्ट मांगी थी, लेकिन ड्राइवर उन्हें स्कूल के बजाय करीब 60-70 किलोमीटर दूर कोटखाई ले गया और एक मकान की चौथी मंजिल पर रखा। जांच में पता चला कि आरोपी ने बच्चों के परिजनों को एक कैलिफोर्निया से उत्पन्न होने वाले वर्चुअल नंबर से धमकी भरे कॉल भी किए थे। पुलिस ने 150 कर्मियों, साइबर टीम, और ड्रोन की मदद से छह घंटे के भीतर बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया।
ये भी देखे: शिमला के खेरा गांव में शराब ठेका खोलने के विरोध में पंचायत सदस्यों ने दिया सामूहिक इस्तीफा