फतेहपुर, 11 अगस्त 2025: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मकबरा-मंदिर विवाद सोमवार को और गहरा गया। बीजेपी जिला अध्यक्ष मुखलाल पाल और पूर्व विधायक विक्रम सिंह की अगुआई में मठ मंदिर संघर्ष समिति के बैनर तले बीजेपी कार्यकर्ताओं ने डाक बंगले से अबू नगर रडइया स्थित मकबरे तक जुलूस निकाला। इस दौरान हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। साथ ही, हिंदू महासभा के प्रांत उपाध्यक्ष मनोज त्रिवेदी ने करीब 300 भक्तों के साथ मकबरे में प्रवेश कर आरती और पूजन किया। इस बीच, हिंदू पक्ष के कुछ लोगों ने मकबरे में मौजूद दो मजारों पर डंडों से प्रहार कर उन्हें तोड़ दिया।
विवाद बढ़ने पर मौके पर डीएम और एसपी पहुंचे। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, जहां एक तरफ करीब 2000 लोग हिंदू पक्ष से और दूसरी तरफ लगभग 1500 लोग मुस्लिम पक्ष से मकबरे के आसपास जमा हैं। मुस्लिम पक्ष की ओर से पथराव की घटना भी सामने आई, हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। प्रशासन ने तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है।
बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे मकबरे के अंदर पूजा-अर्चना करने के बाद ही वापस जाएंगे। दूसरी ओर, मुस्लिम पक्ष इसे ऐतिहासिक मकबरा बताते हुए इसका विरोध कर रहा है। प्रशासन ने पुरातत्व विभाग से स्थल की जांच कराने का आश्वासन दिया है, लेकिन फिलहाल माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
ये भी देखे: ‘मेरी जुबान फिसल गई..’, कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान पर मंत्री विजय शाह की माफी