नूंह हिंसा केस में कांग्रेस विधायक मामन खान को हाईकोर्ट से राहत, दो मामलों पर अगली सुनवाई तक अंतरिम रोक

by Manu
नूंह हिंसा

नूंह, 08 अगस्त 2025: हरियाणा के नूंह जिले के चर्चित हिंसा मामले में आरोपित कांग्रेस विधायक मामन खान को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने उनके खिलाफ चल रहे दो मामलों की कार्यवाही पर अगली सुनवाई तक अंतरिम रोक लगा दी है। इस मामले की सुनवाई जस्टिस त्रिभुवन दहिया की एकल पीठ में हुई।

वरिष्ठ अधिवक्ता आरएस चीमा और सिद्धार्थ भुक्कल ने दलील दी कि मामन खान के खिलाफ विभिन्न एफआईआर में दर्ज मामलों की सुनवाई को अलग कर दिया गया है, जबकि अन्य सह-अभियुक्तों की ट्रायल एक साथ चल रही है। इससे पहले, मामन खान ने दो अन्य एफआईआर के ट्रायल को अलग करने के फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जो 12 दिसंबर 2024 को खारिज हो गई थीं। इसके बाद, उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका दायर की, जहां फैसला सुरक्षित है और ट्रायल पर फिलहाल रोक लगी हुई है।

मामन खान पर 31 जुलाई 2023 को नूंह में हुई हिंसा में शामिल होने और उसे भड़काने के आरोप हैं। इस हिंसा में छह लोगों की मौत हुई थी और व्यापक नुकसान हुआ था।

ये भी देखे: नूंह हिंसा के आरोपी बिट्टू बजरंगी ने हाईकोर्ट में दायर की याचिका, कर दी ये मांग

You may also like