पटना,03 अगस्त 2025: बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री डॉ. अशोक राम ने रविवार को पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया और जनता दल (यूनाइटेड) (जेडीयू) में शामिल होने की पुष्टि की। बिहार के प्रमुख दलित नेताओं में शुमार डॉ. अशोक राम छह बार विधायक रह चुके हैं और बिहार सरकार में मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वे बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष थे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, डॉ. अशोक राम बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु से नाराज थे। उनकी शिकायत थी कि अल्लावरु ने उन्हें पार्टी में हाशिए पर धकेल दिया, जिसके चलते वे अपनी उपेक्षा से आहत थे। इस नाराजगी को उन्होंने बेहद निजी कारण बताते हुए रविवार को कांग्रेस छोड़ने की घोषणा की।
डॉ. अशोक राम ने कहा कि वे रविवार दोपहर 12:30 बजे जेडीयू कार्यालय में औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उनके इस कदम से बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। उल्लेखनीय है कि उनके पिता बालेश्वर राम भी कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे और सांसद व विधायक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
ये भी देखे: Bihar Politics: प्रशांत किशोर ने लगाई कांग्रेस में सेंध, जन सुराज में शामिल हुई प्रतिभा सिंह