हिमाचल,30 जुलाई,2025: हिमाचल प्रदेश में बारिश के दाैर के चलते सतलुज और ब्यास नदियों पर बने प्रमुख जलाशयों से बुधवार सुबह पानी छोड़ा गया है, जिससे नदियों के किनारे बसे इलाकों में जलस्तर बढ़ने की संभावना है। प्रशासन और डैम प्रबंधन ने लोगों से सावधान रहने और नदियों के समीप न जाने की अपील की है।
मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर जिले में सतलुज नदी पर स्थित कोल डैम से पानी छोड़ा गया है। डैम प्रबंधन का कहना है कि जल प्रवाह बढ़ने से सतलुज का जल स्तर करीब 4 से 5 मीटर तक ऊँचा हो सकता है। इसको ध्यान में रखते हुए खासतौर पर पंजाब के उन इलाकों में चेतावनी जारी की गई है, जो नदी के किनारे स्थित हैं। लोगों से नदी के आसपास न जाने की अपील की गई है।
इसी तरह मंडी जिले में ब्यास नदी पर स्थित पंडोह डैम के गेट भी खोल दिए गए हैं। पंडोह से छोड़ा गया पानी पहले धर्मपुर, मंडी, सुजानपुर, संधोल, नादौन और देहरा जैसे क्षेत्रों से होकर गुजरेगा और अंत में पौंग डैम पहुँचेगा। यहाँ से यह पानी पंजाब के तलवाड़ा क्षेत्र में प्रवेश करेगा। डैम अधिकारियों और जिला प्रशासन ने इन क्षेत्रों के लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। साथ ही नदी किनारे पशुओं को चराने न ले जाने और किसी भी तरह की गतिविधि से बचने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: Himachal News: गलियों में छाया अंधेरा! करोड़ों रुपए की स्मार्ट LED लाइटें कुछ ही माह में हुई ख़राब