चंडीगढ़, 29 जुलाई 2025: अहमदाबाद में बोइंग विमान के क्रैश के बाद अब अमेरिका में भी एक ऐसी ही चौंकाने वाली घटना सामने आई है। 25 जुलाई 2025 को यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट UA108, जो बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर थी, वॉशिंगटन डलेस हवाई अड्डे से म्यूनिख के लिए उड़ान भर रही थी। उड़ान भरते ही इसका बायां इंजन फेल हो गया, जिसके बाद पायलट को ‘मेडे’ की घोषणा करनी पड़ी। इस घटना से विमान में हड़कंप मच गया।
विमान ने जैसे ही 5,000 फीट की ऊंचाई हासिल की, तभी इंजन में खराबी का पता चला। चालक दल ने तुरंत आपातकाल घोषित किया और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के साथ मिलकर सुरक्षित लैंडिंग की तैयारी शुरू की। फ्लाइटअवेयर के आंकड़ों के अनुसार, विमान 2 घंटे 38 मिनट तक हवा में रहा, इस दौरान वॉशिंगटन के उत्तर-पश्चिम में चक्कर लगाकर ईंधन डंप किया गया ताकि लैंडिंग के लिए विमान का वजन कम हो सके।
पायलटों ने 6,000 फीट की ऊंचाई पर रहते हुए ईंधन डंपिंग की प्रक्रिया पूरी की और ATC से लगातार संपर्क में रहे। इसके बाद उन्होंने रनवे 19 सेंटर पर इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) का उपयोग करके सुरक्षित लैंडिंग की अनुमति मांगी। लैंडिंग तो सफल रही, लेकिन इंजन खराब होने के कारण विमान अपने आप रनवे से हट नहीं सका और उसे खींचकर बाहर लाना पड़ा।
ये भी देखे: बोइंग का एक और फ्लाइट तकनीकी खराबी के कारण रद्द, कोलकाता से बैंकॉक जा रही थी फ्लाइट