झालावाड़, 25 जुलाई 2025: Jhalawar School Collapse: शुक्रवार सुबह राजस्थान के झालावाड़ जिले के पिपलोदी गांव में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। मनोहरथाना ब्लॉक के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय (School Building Collapse) की जर्जर छत अचानक ढहने के बाद दीवार भी गिर पड़ी। इस भयानक घटना में अब तक 4 बच्चों की मौत हो चुकी है, और कई अन्य बच्चों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। स्थानीय ग्रामीण, स्कूल स्टाफ और प्रशासन मिलकर बच्चों को मलबे से निकालने में जुटे हैं। घायल बच्चों को तुरंत मनोहरथाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से कुछ को गंभीर हालत में झालावाड़ जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
School Building Collapse: शिक्षा मंत्री ने जताया दुख
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने इस हादसे पर दुख जताते हुए तीन बच्चों की मौत की पुष्टि की और जिला कलेक्टर को राहत-बचाव कार्य तेज करने के साथ-साथ घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस घटना की उच्च स्तरीय जांच का भी ऐलान किया है।
कई बच्चों के फंसे होने की आशंका
झालावाड़ के एसपी अमित कुमार ने बताया कि 3-4 बच्चों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हैं। कलेक्टर और एसपी अमित कुमार बुडानिया मौके पर पहुंच गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कूल भवन लंबे समय से जर्जर था और भारी बारिश ने स्थिति को और बिगाड़ दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसा सुबह प्रार्थना सभा के दौरान हुआ, जब स्कूल में 60 से ज्यादा बच्चे मौजूद थे। मलबे में अभी भी कई बच्चों के फंसे होने की आशंका है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने का डर है।
ये भी देखे: Gujarat Bridge Collapse: गुजरात में महिसागर नदी पर बना ब्रिज टूटा, कई वाहन गिरे, 8 लोगों की मौत