बरेली,17 जुलाई, 2025: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से ऑनलाइन कमाई के लालच में फंसकर एक युवक से करीब 13 लाख रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। होटल को रेटिंग देने और निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर आरोपियों ने युवक के साथ-साथ उसकी पत्नी के खातों से भी रुपये ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित को जब ठगी का शक हुआ तो पीड़ित ने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
सीबीगंज के स्लीपर रोड निवासी अभिषेक रायजादा को 16 फरवरी को एक अंजान व्हाट्सएप नंबर से मैसेज आया। आरोपी ने अपनी पहचान अवन्ति सेना और अपनी कंपनी का नाम ब्रांडमार्क एसोसिएट्स प्रा. लिमिटेड बताया। शातिर ने टेलीग्राम लिंक भेजकर होटल रेटिंग का काम ऑफर किया।
कई खातों से ट्रांसफर कराई रकम
अगले दिन 17 फरवरी को अभिषेक को एक लिंक पर पंजिकरण करवाया गया और बताया गया कि टास्क पूरा करने पर बड़ा मुनाफा मिलेगा। शातिरों ने शुरू में कम निवेश पर लाभ दिखाया गया और फिर लगातार बड़ी रकम जमा कराने को कहा गया। बीच में टास्क अधूरा छोड़ने पर पैसे डूबने की चेतावनी भी दी। ठगी का दायरा बढ़ता गया। अभिषेक ने 17 फरवरी से 27 फरवरी के बीच अपने बैंक खाते से अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी पर कुल 7 लाख 70 हजार 878 रुपये ट्रांसफर किए। साथ ही उसने अपनी पत्नी के बैंक खाते से 4 लाख 45 हजार 500 रुपये और दूसरे खाते से 71 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए। करीब 12 लाख 87 हजार 378 रुपये की भारी राशि आरोपियों को दे दी गई।
मुनाफे के रुपये देने के नाम पर माँगे ओर रुपये
आरोपियों ने इस रकम पर 26,13,416 रुपये का मुनाफा दिखाया, अभिषेक के रकम वापस माँगने पर एक ओर आईडी से संपर्क कर बताया गया कि पहले उसे 3,26,461 रुपये टैक्स देना होगा, तभी मुनाफा मिलेगा। जब अभिषेक ने इंकार किया, तो मोबाइल नंबर से कॉल कर धमकाया गया कि पैसे नहीं दिए तो पूरा मुनाफा जब्त करने की धमकी दी। शक होने पर अभिषेक ने साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराई। कई कोशिशों के बावजूद आरोपितों ने कोई जवाब नहीं दिया तो पीड़ित ने साइबर थाने में मामला दर्ज करवाया। फिल्हाल पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
यह भी पढ़े: UP News: कौन है दस साल का नन्हा बालक? जिसकी कावड़ यात्रा बनी लोगों के चर्चा का विषय