चंडीगढ़, 16 जुलाई 2025: हरियाणा की राजनीति में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है, क्योंकि इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के अध्यक्ष और एलनाबाद से पूर्व विधायक अभय सिंह चौटाला को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी उनके छोटे बेटे कर्ण सिंह चौटाला के मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के जरिए वॉइस नोट के रूप में 15 जुलाई 2025 की रात करीब 11 बजे भेजी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर 3 थाने में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कर्ण सिंह चौटाला ने अपनी शिकायत में बताया कि रात 11 बजे एक अज्ञात नंबर (+447466061671) से व्हाट्सएप कॉल आई, जो कुछ सेकंड बाद कट गई। इसके तुरंत बाद उसी नंबर से एक वॉइस नोट आया, जिसमें अभद्र भाषा का उपयोग करते हुए अभय चौटाला को धमकी दी गई। वॉइस नोट में कहा गया, “पिता को समझा लो, वे मेरे रास्ते में न आएं, नहीं तो उन्हें भी ‘प्रधान’ के पास भेज देंगे।” यह ‘प्रधान’ का जिक्र इनेलो के हरियाणा इकाई के पूर्व अध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या से जोड़ा जा रहा है, जिनकी 25 फरवरी 2024 को झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसी नंबर से अभय चौटाला के निजी सचिव रमेश गोदारा को भी एक मैसेज भेजा गया, जिसमें इसे “आखिरी चेतावनी” बताया गया।
ये भी देखें: उपेंद्र कुशवाहा को लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी देने वाला गिरफ्तार, निकला पूर्व कार्यकर्ता