सिवान, 12 जुलाई 2025: सिवान के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में दरोगा राय कॉलेज मोड़ पर पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत वाहन जांच के दौरान एक दस चक्का ट्रक से 650 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसकी मात्रा लगभग 5760 लीटर है। इस कार्रवाई में पुलिस ने राजस्थान के दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया है और ट्रक को जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार तस्कर राजस्थान के बरमेर जिले के भीतराड़ थाना क्षेत्र के शोभला गांव निवासी जीना राम (हीरा राम का पुत्र) और महंगी लाल (रमेश कुमार का पुत्र) हैं।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार दास ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की ओर से एक ट्रक में शराब की तस्करी हो रही है। इस सूचना के आधार पर दरोगा राय कॉलेज मोड़ पर वाहन जांच शुरू की गई। तभी यूपी की ओर से राजस्थान नंबर प्लेट वाला एक ट्रक आता दिखा। शक होने पर पुलिस ने ट्रक को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने तेज रफ्तार में ट्रक भगाने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर ट्रक को रोक लिया।
तलाशी लेने पर ट्रक में 650 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब को छिपाने के लिए ट्रक के ऊपरी हिस्से में कबाड़ रखा गया था। पुलिस ने चालक और एक अन्य तस्कर को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। ट्रक का नंबर भी राजस्थान का है, और इसे भी जब्त कर लिया गया है।
ये भी देखे: BIHAR BREAKING: सिवान में धारदार हथियार से 4 लोगों की हत्या, मचा हड़कंप