सुकमा, 12 जुलाई 2025: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में 12 जुलाई को 23 कट्टर नक्सलियों ने एक साथ सरेंडर (Naxalites Surrender) कर दिया है। इन नक्सलियों पर कुल 1.18 करोड़ रुपये का इनाम था और इनमें तीन दंपति भी शामिल थे। सुकमा के पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि सरेंडर करने वालों में 11 सीनियर कैडर थे, जो ज्यादातर माओवादियों की सबसे ताकतवर सैन्य इकाई, पीपुल्स लिबरेशन गोरिल्ला आर्मी (PLGA) की बटालियन नंबर 1 में सक्रिय थे।
इन नक्सलियों ने वरिष्ठ पुलिस और सीआरपीएफ अधिकारियों के सामने हथियार डाले। उन्होंने माओवादी विचारधारा को खोखला बताते हुए कहा कि वे नक्सलियों द्वारा आदिवासियों पर किए गए अत्याचारों और संगठन के अंदर बढ़ते आपसी विवादों से तंग आ चुके थे।
पुलिस के अनुसार, सरेंडर (Naxalites Surrender) करने वालों में लोकेश उर्फ पोडियाम भीमा (35), रमेश उर्फ कलमु केसा (23), कवासी मासा (35), मड़कम हूंगा (23), नुप्पो गंगी (28), पुनेम देवे (30), पारस्की पांडे (22), मदवी जोगा (20), नुप्पो लच्छू (25), पोडियाम सुखराम (24) और दूधी भीमा शामिल हैं, जिन पर 8-8 लाख रुपये का इनाम था। इसके अलावा, चार नक्सलियों पर 5-5 लाख, एक पर 3 लाख और सात पर 1-1 लाख रुपये का इनाम था।
ये भी देखे: BIG NEWS: छत्तीसगढ़ के सुकमा में 16 नक्सलियों ने किया सरेंडर