चंडीगढ़, 11 जुलाई 2025: पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे दिन शुरूआत में ही कांग्रेस विधायकों ने जोरदार हंगामा किया और सदन से वॉकआउट कर लिया। इसके बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने मीडिया से बात करते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार शून्यकाल (Zero Hour) की मांग को नजरअंदाज कर रही है, जिससे विपक्ष को महत्वपूर्ण मुद्दे उठाने का मौका नहीं मिल रहा।
प्रताप बाजवा ने सरकार से पूछे सवाल
बाजवा ने यह भी बताया कि उन्होंने पिछले दिन मांग की थी कि अबोहर के मारे गए कपड़ा व्यवसायी संजय वर्मा को विधानसभा में श्रद्धांजलि दी जाए, लेकिन सरकार ने इस पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP सरकार विधानसभा को एक मंच की तरह इस्तेमाल कर रही है और जनता के असल मुद्दों को दबा रही है।
इसके अलावा, प्रताप बाजवा ने पंजाब सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार भाखड़ा बांध जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को हटाकर पंजाब पुलिस को तैनात करने की बात करती है, लेकिन विधानसभा में ही CISF की तैनाती क्यों की गई है? उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या सरकार पंजाब पुलिस पर भरोसा नहीं करती या उसे कोई डर है? बाजवा ने मांग की कि विधानसभा से CISF को हटाकर पंजाब पुलिस को तैनात किया जाए।
ये भी देखे: पंजाब विधानसभा विशेष सत्र का पहला दिन सिर्फ 11 मिनट में समाप्त, कार्यवाही स्थगित