UP News: मंडी गेट से कुत्ते को दबोच ले गया तेंदुआ, सुरक्षा कर्मियों ने भागकर बचाई अपनी जान

by Nishi_kashyap
तेंदुआ

बहराइच,10 जुलाई, 2025: उत्तर प्रदेश के बहराइच से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक तेंदुआ कृषि उत्पादन मंडी समिति के नजदीक से कुत्ते को दबोच ले गया। गेट पर लगे सुरक्षा कर्मियों ने भाग कर किसी तरह अपनी जान बचाई। आबादी क्षेत्र में तेंदुए की एंट्री से लोगों में दहशत का माहौल है।

कुत्ते को दबोच ले गया तेंदुआ

बहराइच जिले के मिहींपुरवा कस्बा स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति के गेट पर बुधवार की सुबह अचानक तेंदुआ आ गया। मंडी समिति गेट के पास बैठे कुत्ते पर तेंदुए ने हमला किया और उसे दबोच कर ले गया। इस घटना से मंडी में मौजूद गार्ड सहम गए। उन्होंने भाग कर अपनी जान बचाई। इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल है।

मंडी गेट पर गार्ड राजेश वर्मा था तैनात

बहराइच जिले के कतर्नियाघाट के मोतीपुर वन रेंज में राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर मंडी समिति स्थित है। बुधवार सुबह मंडी के गेट पर गार्ड राजेश वर्मा ड्यूटी पर तैनात थे। वहाँ सुबह करीब चार बजे अचानक तेंदुआ आ गया, मंडी गेट के पास बैठे कुत्ते को दबोच ले गया। गार्ड तेंदुए को देख कर घबरा गया। शोर मचाते हुए कॉलोनी की ओर भागने लगा। शोर सुनकर मंडी इंस्पेक्टर राम औतार समेत अन्य लोग पहुँचे। लेकिन तब तक तेंदुआ कुत्ते को लेकर जा चुका था।

इलाके में दहशत का माहौल

इंस्पेक्टर राम औतार ने बताया कि उन्होंने गार्ड के चिल्लाने की आवाज सुनी तभी वह बाहर निकले। तेंदुआ कुत्ते को दबोच कर जा रहा था। घटना के बाद मंडी परिसर और आसपास के इलाके में दहशत है। लोग बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने दे रहे।

यह भी पढ़े: UP News: अस्पताल के दरवाजे पर लगा ताला, रातभर प्रसव पीड़ा से तड़पती रही महिला, जानिए पूरा मामला !

You may also like