यूपी,10 जुलाई, 2025: उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा से पहले संभल जिले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांवड़ मार्ग से अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया है। संभल जिले में बुधवार को इस अभियान के तहत करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबे रास्ते पर 200 से ज्यादा अतिक्रमण हटाए गए। बतादें की समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क के घर के पास स्थित एक अतिक्रमण को भी कार्रवाई की जद में लिया गया।
अतिक्रमण का उद्देश्य
प्रशासन के अनुसार, यह अभियान कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से चलाया गया। इस मार्ग पर दुकानें, मकान और नालों तक पर अवैध कब्जे कर लिए गए थे जिस कारण रास्ता काफी संकरा हो गया था। भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए रास्ते को पूरी तरह चौड़ा और सुगम बनाया जा रहा है।
भक्तों को किसी तरह की न हो परेशानी
एसडीएम विकास चंद्रा ने जानकारी देते हुए बताया, “यह कार्रवाई पूरी तरह नियोजित है। कांवड़ यात्रा 11 जुलाई से शुरू हो रही है, ऐसे में हमारी प्राथमिकता यह है कि शिव भक्तों को किसी तरह की परेशानी न हो।” उन्होंने बताया कि प्रशासन ने पहले ही स्थानीय लोगों को नोटिस देकर अवैध निर्माण हटाने की अपील की थी, लेकिन कुछ जगहों पर फिर भी विरोध देखा गया। लेकिन प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए इस अभियान को जारी रखा।
चिह्नित पॉइंट्स पर चलाया गया बुलडोजर
प्रशासन ने केवल चिह्नित किए गए 200 पॉइंट्स पर बुलडोजर चलाया है, ताकि साढ़े तीन किलोमीटर लंबा यह कांवड़ मार्ग पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त हो सके। कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु शिव भक्ति में लीन होकर इस मार्ग से गुजरते हैं, ऐसे में किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए यह तैयारी की जा रही है।
यह भी पढ़े: Earthquake: दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के झटके, अचानक आए भूकंप से सहम उठे लोग