कांवड़ यात्रा मार्ग का हवाई सर्वेक्षण कर सीएम योगी ने की तैयारियों की समीक्षा

by Nishi_kashyap
यात्रा मार्ग

यूपी,08 जुलाई, 2025: उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा की तैयारियाँ जोरों पर हैं। मुख्यमंत्री योगी ने गाजियाबाद से बिजनौर तक कांवड़ यात्रा मार्ग का हवाई सर्वेक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान सीएम योगी ने कहा है कि इस पवित्र यात्रा की शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। लाखों शिव भक्तों की आस्था से जुड़े इस आयोजन को हर हाल में सकुशल संपन्न कराने के लिए सीएम योगी ने प्रशासनिक अमले को जीरो-टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से यदि कोई खिलवाड़ किया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

भक्तों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए – CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से बिजनौर तक कांवड़ यात्रा के मार्ग का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर चल रही तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भक्तों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, उनकी सुरक्षा सर्वोपरि हो और उनकी धार्मिक भावनाओं का पूरा सम्मान किया जाए।

CM योगी ने दी चेतावनी

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार सीएम योगी ने इस बात पर खास जोर दिया कि कांवड़ यात्रा की पवित्रता हर कीमत पर बनी रहनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि भोजन सामग्री को दूषित करने या किसी भी तरह के अपमानजनक काम में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर टेंट, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की जाए। साथ ही स्वच्छता, बिजली और प्रकाश व्यवस्था को भी बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

 भगवती देवी को दी श्रद्धांजलि

हवाई सर्वेक्षण के बाद सीएम योगी बिजनौर के हर नगला गांव पहुँचे, जहाँ उन्होंने भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह की माँ भगवती देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया। 95 वर्षीय भगवती देवी का निधन शनिवार रात हुआ था। मुख्यमंत्री ने परिजनों से भेंट कर संवेदना जताई और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

यह भी पढ़े: UP Weather Update: उत्तर प्रदेश के 10 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी

You may also like