सहारनपुर, 07 जुलाई, 2025: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सहारनपुर जिले के नानौता क्षेत्र में मुहर्रम के मौके पर दूषित शरबत पीने और अन्य चीजें खाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई वहीं 75 से ज्यादा लोग बीमार हो गए। मृतक की पहचान नानौता थाना क्षेत्र के शेखजादगान मोहल्ले के निवासी शबी हैदर (60) के रूप में हुई है।
बीमार लोग अस्पताल में भर्ती
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार की शाम नानौता कस्बे के एक मोहल्ले में मुहर्रम के मातमी जुलूस के मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बिरयानी व् शरबत का सेवन किया था, जिसके बाद करीब 75 लोगों को उल्टियाँ शुरू हो गई। उन्हें तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जाँच के लिए भेजे गए खाने-पीने की चीजों के नमूने
फूड प्वाइजनिंग का शिकार हुए शबी हैदर को उपचार के लिये चिकित्सा केंद्र ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि जुलूस के मौके पर इस्तेमाल की गयी खाने-पीने की चीजों के नमूने जाँच के लिए भेज दिए हैं। मरीजों को जरूरी चिकित्सा सुविधाएँ मुहैया करवाई जा रही हैं।
यह भी पढ़े: UP News: ‘गुलशन आई मिस यू…’, हथेली पर लिखकर 12वीं की छात्रा ने किया सुसाइड