जालंधर, 26 जून 2025: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गुरुवार (26 जून) को सुबह पंजाब के जालंधर और टांडा उड़मुड़ में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। जालंधर की फ्रेंड्स कॉलोनी और टांडा उड़मुड़ के गढ़ी मोहल्ला में दो अलग-अलग घरों पर यह रेड हुई, जिससे दोनों इलाकों में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, टांडा उड़मुड़ में एक युवक, जो वर्तमान में विदेश में रहता है, के घर पर NIA ने दबिश दी। साथ ही, उसी कस्बे के एक अन्य युवक के घर पर भी तलाशी ली गई। NIA की टीम ने दोनों स्थानों पर कई घंटों तक गहन पूछताछ और तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कुछ दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए, जिनकी जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया कि यह छापेमारी किस मामले से जुड़ी है। एनआईए की ओर से कोई आधिकारिक बयान भी जारी नहीं हुआ है। कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एनआईए की टीमें सुबह तड़के पहुंचीं और देर तक तलाशी लेती रहीं, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। लोग इस छापेमारी की वजह जानने को उत्सुक हैं और तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
ये भी देखे: मनोरंजन कालिया के घर ग्रेनेड हमले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, NIA कर रही पूछताछ