रुद्रप्रयाग, 26 जून 2025: Rudraprayag Accident News: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर घोलतीर के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक टैंपो ट्रैवलर, जिसमें 19 लोग सवार थे, एक ट्रक से टक्कर के बाद खाई में गिरकर अलकनंदा नदी में समा गई। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग लापता बताए जा रहे हैं।
हादसे में घायल ड्राइवर समित ने बताया कि वे केदारनाथ से लौट रहे थे और रुद्रप्रयाग में रात रुकने के बाद बद्रीनाथ के लिए निकले थे। टैंपो ट्रैवलर में 17 यात्री, 1 टूर गाइड और 1 ड्राइवर सवार थे। समित के अनुसार, एक ट्रक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी, जिसके बाद वह अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई और अलकनंदा नदी में चली गई।
चश्मदीदों के मुताबिक, हादसे के दौरान सात लोग टैंपो ट्रैवलर से छटककर बाहर गिर गए, जबकि बाकी गाड़ी नदी में डूब गई। मौके पर मौजूद पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। सात घायलों को रेस्क्यू कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। अलकनंदा नदी के तेज बहाव और दुर्गम इलाके के कारण बचाव कार्य में चुनौतियां आ रही हैं। यह हादसा हिमालयी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े करता है।
ये भी देखे: रुद्रप्रयाग में केदारनाथ जा रहे हेलीकॉप्टर की बीच सड़क पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग