तरनतारन, 20 जून 2025: पंजाब के तरनतारन जिले के गांव ठट्ठा के 17 वर्षीय वॉलीबॉल खिलाड़ी और स्कूली छात्र बिबेकबीर सिंह की मंगलवार शाम सरहाली अनाज मंडी में किरच से हमला कर हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डीएसपी लवकेश सैणी की अगुवाई में थाना सरहाली के प्रभारी बरजिंदर सिंह ने मुख्य आरोपी हरनूर सिंह उर्फ नूर गोलण, जो भिखीविंड का निवासी है, और उसके दो नाबालिग साथियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किरच भी बरामद कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
एसएसपी दीपक पारीक ने बताया कि जांच में सामने आया कि वॉलीबॉल खिलाड़ी बिबेकबीर सिंह का अपने स्कूल में साथ पढ़ने वाले हरनूर सिंह उर्फ नूर गोलण के साथ पुराना विवाद था। इस रंजिश के चलते नूर ने बिबेकबीर को कई बार धमकियां दी थीं। घटना वाले दिन, जब बिबेकबीर खरीदारी के बाद एक्टिवा पर घर लौट रहा था, नूर और उसके साथियों ने सरहाली अनाज मंडी के पास उसे घेर लिया। पहले उन्होंने गाली-गलौज की, फिर नूर ने अपने साथियों के साथ मिलकर बिबेकबीर की गर्दन पर किरच से दो वार किए। इसके बाद कुछ आरोपियों ने उसे जमीन पर गिराकर लाठियों से भी पीटा।
एसएसपी पारीक ने कहा कि थाना सरहाली की पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को पकड़कर इस मामले में तेजी दिखाई है। बाकी फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
ये भी देखे: तरनतारन पुलिस ने 2 हथियार तस्कर को किया गिरफ्तार, 6 अत्याधुनिक पिस्तौल जब्त