भुवनेश्वर से कोलकाता जा रही इंडिगो फ्लाइट के पायलट ने लगाया इमरजेंसी ब्रेक, जाने वजह

by Manu
IndiGo flight

भुवनेश्वर, 19 जून 2025: भुवनेश्वर के बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार, 19 जून 2025 को एक और बर्ड स्ट्राइक की घटना सामने आई है। गनीमत रही कि इस हादसे में न तो विमान को कोई बड़ा नुकसान हुआ और न ही किसी यात्री या चालक दल को कोई चोट पहुंची। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E-6101, जो भुवनेश्वर से कोलकाता जा रही थी, टेक-ऑफ की तैयारी के दौरान रनवे पर एक पक्षी से टकरा गई। पायलट ने तुरंत फैसला लिया और टेक-ऑफ रद्द कर आपातकालीन ब्रेक लगाए, जिससे विमान सुरक्षित रुक गया।

घटना के बाद विमान को नुकसान की जांच के लिए वापस बे में ले जाया गया। प्रारंभिक जांच में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं लगने की पुष्टि हुई है, लेकिन विमान को हुए संभावित नुकसान की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। इस घटना के कारण कुछ समय के लिए हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ।

इंडिगो ने यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की और उन्हें जल्द से जल्द कोलकाता पहुंचाने के लिए कदम उठाए। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया और उन्हें रिफ्रेशमेंट व नियमित अपडेट्स देने की बात कही।

ये भी देखे: बम की सूचना के बाद कोच्चि से दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट की नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग

You may also like