लुधियाना, 17 जून 2025: भारतीय चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 17 से 19 जून 2025 तक इस क्षेत्र के 3 किलोमीटर दायरे में ड्राई-डे घोषित किया गया है। जिला चुनाव अधिकारी हिमांशु जैन ने बताया कि इस दौरान देसी और अंग्रेजी शराब के ठेके बंद (ड्राई-डे) रहेंगे। साथ ही, होटल, रेस्तरां, क्लब, बार या अन्य किसी स्थान पर इस क्षेत्र में शराब न तो स्टोर की जा सकेगी और न ही परोसी जा सकेगी। इन नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच टीमें तैनात की गई हैं, और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
उन्होंने आगे बताया कि मतदाताओं को उनके वोट के अधिकार का उपयोग करने में सुविधा देने के लिए 19 जून को मतदान वाले दिन पेड छुट्टी का ऐलान किया गया है। इसके तहत लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में दर्ज किसी भी कर्मचारी, जो किसी कारोबार, संस्था या औद्योगिक इकाई में काम करता है, को वोट डालने के लिए छुट्टी दी जाएगी, और इस छुट्टी के लिए उनकी तनख्वाह नहीं काटी जाएगी। यदि कोई नियोक्ता ऐसा करता पाया गया, तो उस पर जुर्माना और सजा दोनों हो सकती है।
इसके अलावा, जिला मजिस्ट्रेट हिमांशु जैन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लुधियाना, खन्ना और जगरांव सहित पूरे जिले में नो-फ्लाई जोन घोषित किया है। इसके तहत किसी भी प्रकार के ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
ये भी देखे: पंजाब: अवैध शराब के खिलाफ एक्शन जारी, बठिंडा में 80,000 लीटर इथेनॉल जब्त