चंडीगढ़, 17 जून 2025: जालंधर में भ्रष्टाचार के मामले में पकड़े गए आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक रमन अरोड़ा और उनके करीबी महेश मखीजा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत खत्म होने के बाद सीजेएम सुशील बोध की अदालत में दोबारा पेश किया गया। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद रमन अरोड़ा और महेश मखीजा की न्यायिक हिरासत को 14 दिन और बढ़ा दिया।
महेश मखीजा को अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश किया गया, जबकि रमन अरोड़ा की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई। अब दोनों को 30 जून को फिर से अदालत में पेश किया जाएगा।
इसके साथ ही, रमन अरोड़ा के बेटे राजन अरोड़ा की अग्रिम जमानत याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई, जिसे 3 जुलाई तक टाल दिया गया है। विजीलैंस ब्यूरो ने अदालत से रमन अरोड़ा का वॉयस सैंपल और असिस्टेंट टाउन प्लानर (एटीपी) सुखदेव वशिष्ट का हैंडराइटिंग सैंपल लेने की अनुमति मांगी है, जिस पर 25 जून को सुनवाई होगी।
दूसरी ओर, महेश मखीजा के वकील ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति का हवाला देते हुए मेडिकल सुविधा की मांग की है, क्योंकि मखीजा डिप्रेशन से पीड़ित हैं। इस पर जेल विभाग को 2 जुलाई को अदालत में तलब किया गया है।
विजीलैंस ब्यूरो का कहना है कि रमन अरोड़ा और उनके सहयोगियों ने सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर करोड़ों रुपये की अवैध संपत्तियां बनाई हैं। उनके खिलाफ शिकायतों और दस्तावेजी सबूतों के आधार पर जांच तेजी से चल रही है।
ये भी देखे: रमन अरोड़ा को साथ लेकर विजिलेंस की टीम पहुंची राजू मदान के घर, छापा मारा