इजरायल के हमले के बाद अब ईरान का पलटवार, तेल अवीव पर दागे सैकड़ों बैलिस्टिक मिसाइलें

by Manu
तेल अवीव

तेल अवीव, 14 जून 2025: शुक्रवार की रात ईरान ने इजरायल पर जवाबी हवाई हमले किए, जिसके बाद यरुशलम और तेल अवीव जैसे बड़े शहरों में जोरदार धमाकों की आवाजें गूंजीं। खबरों के मुताबिक, ईरान ने दो चरणों में इजरायल पर करीब 150 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। यह हमला इजरायल के उस बड़े सैन्य हमले के जवाब में था, जो उसने अपने पुराने दुश्मन ईरान के खिलाफ किया था।

ईरान ने दागीं 100 से ज्यादा मिसाइलें

इजरायल में हवाई हमले के सायरन बजने लगे और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई। तेल अवीव के आसमान में मिसाइलें दिखाई दीं। इजरायल की सेना ने बताया कि ईरान ने 100 से ज्यादा मिसाइलें दागीं, लेकिन ज्यादातर को बीच में ही रोक लिया गया या वे निशाना चूक गईं। अमेरिकी सेना ने भी इजरायल की मदद करते हुए कुछ मिसाइलों को मार गिराया।

रिपोर्ट्स के अनुसार, हमले में करीब 15 लोग घायल हुए, जिनमें से ज्यादातर की हालत स्थिर है। हालांकि, तेल अवीव के पास रमत गान में एक अपार्टमेंट और मध्य तेल अवीव में एक इमारत को काफी नुकसान पहुंचा। चैनल 12 की खबर के मुताबिक, दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि 8 को हल्की चोटें आईं और 34 लोग छर्रों से मामूली रूप से जख्मी हुए।

ईरान की इजरायल को चेतावनी

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने शनिवार को कहा कि उनके सशस्त्र बल इजरायल का मुकाबला करने को तैयार हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि इजरायल ने बहुत बड़ी गलती की है और उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

ये भी देखे: Operation Rising Lion: इजरायली हमले में ईरान के टॉप सैन्य कमांडर समेत कई वैज्ञानिकों की मौत

You may also like