Bihar Police: पटना अटल पथ पर स्कॉर्पियो ने तीन पुलिसकर्मियों को रौंदा, महिला सिपाही की मौत

by Manu
अटल पथ दुर्घटना

पटना, 12 जून 2025: बिहार की राजधानी पटना में बुधवार की देर रात एक दुखद हादसा हुआ। अटल पथ पर पुनाईचक के पास वाहन जांच कर रही एसके पुरी थाने की पुलिस टीम को दीघा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला कांस्टेबल कोमल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि सब-इंस्पेक्टर (एसआई) दीपक मणि और सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) अवधेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

वाहन चेकिंग के दौरान मारी टक्कर

पुलिस उस समय अटल पथ की सर्विस लेन पर रात करीब 10:30 बजे से वाहनों की रूटीन जांच कर रही थी। एक गाड़ी को रोककर तलाशी ली जा रही थी, तभी दीघा से आर ब्लॉक की ओर जा रही स्कॉर्पियो ने पहले रुकी हुई गाड़ी को टक्कर मारी और फिर चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों को कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कांस्टेबल कोमल उछलकर डिवाइडर पर जा गिरीं, जबकि एसआई दीपक और एएसआई अवधेश सड़क किनारे गिर पड़े।

हादसे में स्कॉर्पियो और रुकी हुई गाड़ी में सवार तीन लोग भी चोटिल हुए। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां कोमल ने दम तोड़ दिया। घायल पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों का इलाज जारी है। स्कॉर्पियो में बीजेपी का झंडा और एक हूटर मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। गाड़ी में सवार दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, लेकिन ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

पटना के एसएसपी अवकाश कुमार घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि रात 10:30 से 12:30 तक पूरे शहर में वाहन जांच अभियान चल रहा था। अटल पथ पर बैरिकेडिंग के साथ चेकिंग के दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस ने ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

ये भी देखे: BIHAR NEWS: पटना में BPSC TRE-3 के अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज, जाने मामला

You may also like