सुकमा, 09 जून 2025: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र में सोमवार (9 जून 2025) सुबह माओवादियों द्वारा बिछाए गए प्रेशर IED विस्फोट में एडिशनल एसपी (ASP) आकाश राव गिरिपुंजे शहीद हो गए। इस हमले में SDOP भानुप्रताप चंद्राकर, कोंटा थाना प्रभारी सोनल ग्वाला, और अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए। घटना कोंटा-एर्राबोर मार्ग पर डोंडरा के पास हुई, जब पुलिस टीम रविवार रात फंदीगुड़ा में एक क्रेशर प्लांट पर माओवादियों द्वारा की गई आगजनी की जांच के लिए पहुंची थी।
रविवार रात माओवादियों ने क्रेशर प्लांट में एक जेसीबी मशीन को आग लगाई और आसपास प्रेशर IED बिछा दिए। सोमवार सुबह ASP आकाश राव अपनी टीम के साथ 10 जून को माओवादियों द्वारा घोषित भारत बंद के मद्देनजर गश्त पर थे। इसी दौरान विस्फोट हुआ, जिसमें ASP आकाश राव गंभीर रूप से घायल हो गए और कोंटा अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घायल SDOP चंद्राकर और TI ग्वाला को बेहतर इलाज के लिए रायपुर एयरलिफ्ट किया गया, और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है, और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है। यह हमला माओवादियों की बौखलाहट का परिणाम माना जा रहा है, क्योंकि हाल के महीनों में सुकमा और आसपास के क्षेत्रों में नक्सल विरोधी अभियानों में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है।
कौन है ASP आकाश राव?
ASP आकाश राव 2013 बैच के राज्य पुलिस सेवा अधिकारी और रायपुर निवासी, अपनी निडरता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे। उनकी शहादत पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।
ये भी देखे: BIG NEWS: छत्तीसगढ़ के सुकमा में 16 नक्सलियों ने किया सरेंडर